झांसी। झांसी जनपद के थाना उल्दन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिजना तिराहे के पास स्थित राज अहिरवार के कुएं में एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई तथा पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान ब्रजकिशोर (45 वर्ष) पुत्र बसते निवासी ग्राम बिजना, थाना उल्दन, जनपद झांसी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार ब्रजकिशोर पिछले 20 दिनों से लापता था, जिसकी तलाश लगातार की जा रही थी। कुएं में शव मिलने की सूचना के बाद परिवार और ग्रामीणों में शोक एवं चिंता का माहौल व्याप्त हो गया। बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे पत्नी रामा देवी (35 वर्ष) तथा दो पुत्रों गणेश (15 वर्ष) और मानसिंह (12 वर्ष) को छोड़ गया है। उनकी एक पुत्री की शादी हो चुकी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मृत्यु के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
रिपोर्ट – कृष्णकांत साहू, टहरौली (झांसी)







No comments:
Post a Comment
Comments