झांसी। झांसी परिक्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से दिनांक 24 मार्च 2026 को पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरि की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कैम्प कार्यालय में संपन्न हुई, जिसमें झांसी, जालौन व ललितपुर जनपदों के पुलिस अधिकारी शामिल रहे। बैठक में शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। आईजी ने आगामी रामनवमी के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने, पैदल गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के भी आदेश दिए गए। आईजी द्वारा हत्या, लूट, डकैती, चोरी, महिला एवं बाल अपराध, पॉक्सो व एससी/एसटी अत्याचार से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने, वांछित व इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी और टॉप-10 अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने को कहा गया। बैठक में मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण की समीक्षा करते हुए महिला सुरक्षा को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। महिला बीट अधिकारियों ‘शक्ति दीदी’ को गांव-गांव व स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने तथा एंटी रोमियो टीमों को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी थाना प्रभारी व अधिकारी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से जनसुनवाई करें और फरियादियों, खासकर महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करें। इसके अलावा गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति जब्तीकरण, अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा और पशु तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। “ऑपरेशन दहन” के अंतर्गत एनडीपीएस मामलों में जब्त माल के निस्तारण को तेज करने पर भी जोर दिया गया। आईजी ने सोशल मीडिया पर निगरानी रखने और भ्रामक/आपत्तिजनक पोस्टों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही “ऑपरेशन कन्विक्शन” के तहत अभियुक्तों को शीघ्र सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी, पुलिस अधीक्षक जालौन, पुलिस अधीक्षक ललितपुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
➡️ कुल मिलाकर बैठक में अपराध पर सख्त नियंत्रण, महिला सुरक्षा, त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण को प्राथमिकता देने के स्पष्ट निर्देश दिए।
रिपोर्ट– संजीव गोस्वामी "संजू", झांसी







No comments:
Post a Comment
Comments