झांसी। श्रीमती विद्यावती ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा प्रस्तुत ऑल स्टार कॉरपोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 के मैच संख्या 15 में विंटेज वॉरियर और झांसी पुलिस इलेवन के बीच मुकाबला खेला गया। झांसी पुलिस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 19.1 ओवर में 110 रन बनाए। जवाब में विंटेज वॉरियर ने 17 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाकर मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम कर लिया। झांसी पुलिस की पारी में अभिषेक बिंद आईएएस, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, बबीना छावनी परिषद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शुरुआती विकेट गिरने के बाद उन्होंने पारी को संभालते हुए 46 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 43 रन बनाए और टीम को 110 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। ममतेश ने भी 29 गेंदों में 20 रन की उपयोगी पारी खेली। 111 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विंटेज वॉरियर की शुरुआत भी आसान नहीं रही। टीम ने 61 रन तक अपने पांच विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद हिमांशु बंसल ने शानदार और जिम्मेदारीपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने मात्र 34 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 51 रन बनाए। योगेश कुमार ने नाबाद 15 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया और विंटेज वॉरियर को पांच विकेट से जीत दिलाई। झांसी पुलिस की ओर से कुणाल रायकवार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट लिए। उदयवीर सिंह ने भी 2 विकेट हासिल किए और विंटेज वॉरियर पर शुरुआती दबाव बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हिमांशु बंसल को उनकी मैच विजयी नाबाद 51 रन की पारी के लिए गेट फिट न्यूट्रिशन मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्हें ही शानदार आक्रामक बल्लेबाजी के लिए अरलाक पावर हिटर अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया। कुणाल रायकवार को बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल करने के लिए अरलाक फाइटर ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया गया।
अंक तालिका में बढ़ा रोमांच
मैच संख्या 15 के बाद ग्रुप-बी में विंटेज वॉरियर ने अपना शानदार और अपराजित अभियान जारी रखते हुए तीन मुकाबलों में तीन जीत के साथ शीर्ष स्थान मजबूत कर लिया है। टीम के खाते में 7 अंक हैं और उसका नेट रन रेट +2.149 है। आरसीसी इलेवन चार मैचों में दो जीत और दो हार के साथ 4 अंकों पर दूसरे स्थान पर है। रेलवे इलेवन और झांसी पुलिस इलेवन के खाते में 2-2 अंक हैं, जबकि जिला बार एसोसिएशन को अभी अपनी पहली जीत का इंतजार है। ग्रुप-ए में श्रीराम सेना तीन मैचों में तीन जीत के साथ 9 अंक और +3.636 के शानदार नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर है। रेलवे सुपर किंग्स और ईओडी इलेवन के खाते में 2-2 अंक हैं। मावेरिक्स और जालौन टीचर्स अभी जीत की तलाश में हैं। ग्रुप-सी में ब्लैक पैंथर्स एक मैच में जीत के साथ 3 अंक लेकर पहले स्थान पर है। रेलवे वर्कशॉप ने दो मुकाबलों में एक जीत के साथ 2 अंक हासिल किए हैं, जबकि बीएचईएल भी अपने पहले मुकाबले में जीत के साथ 2 अंक पर है। स्नाइपर इलेवन को शुरुआती दोनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। टूर्नामेंट जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, प्रत्येक ग्रुप में शीर्ष स्थान और अगले चरण की दौड़ अधिक रोचक होती जा रही है। विंटेज वॉरियर और श्रीराम सेना ने अब तक अपने-अपने ग्रुप में लगातार जीत से मजबूत स्थिति बनाई है, जबकि अन्य टीमों के लिए आने वाले मुकाबले अंक तालिका में स्थिति सुधारने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होंगे।







No comments:
Post a Comment
Comments