झाँसी। रेलवे यात्रियों के गुम हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए जीआरपी झाँसी अनुभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सर्विलांस तकनीक की मदद से गठित संयुक्त टीमों ने अथक प्रयास करते हुए 170 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 17 लाख 35 हजार रुपये आँकी गई है।
यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे, लखनऊ के आदेशानुसार, पुलिस उपमहानिरीक्षक रेलवे, प्रयागराज के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक रेलवे, झाँसी के निर्देशन में चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत पुलिस उपाधीक्षक रेलवे, झाँसी के पर्यवेक्षण में क्राइम ब्रांच, सर्विलांस सेल तथा विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों का गठन किया गया।
गठित टीमों ने आधुनिक सर्विलांस तकनीक का प्रयोग करते हुए उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी गुम हुए मोबाइल फोनों का पता लगाया और उन्हें बरामद करने में सफलता प्राप्त की। बरामद मोबाइल फोनों में वनप्लस, सैमसंग, रेडमी, ओप्पो जैसे नामी और महंगे ब्रांड के फोन शामिल हैं।
बरामद किए गए सभी मोबाइल फोनों को उनके वास्तविक स्वामियों को थाने पर बुलाकर विधिवत सुपुर्द किया गया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर मोबाइल स्वामियों के चेहरों पर खुशी और राहत साफ दिखाई दी। उन्होंने जीआरपी झाँसी पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया।
जीआरपी झाँसी की इस कार्यवाही से न केवल यात्रियों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है, बल्कि यह भी स्पष्ट हुआ है कि आधुनिक तकनीक और समर्पित पुलिस बल के माध्यम से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।


No comments:
Post a Comment
Comments